दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंडक: तापमान में गिरावट, हवा में हल्की सिहरन, बारिश से फिलहाल राहत
नई दिल्ली/12/10/2025
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने करवट ले ली है। अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही सर्द हवाओं ने दस्तक दे दी है। सुबह-शाम की ठंडक लोगों को हल्की सर्दी का अहसास कराने लगी है। बीते दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं रविवार तक पारा और नीचे जा सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में दिवाली तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम फिलहाल 17 अक्टूबर तक साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और दिन में हल्की धूप खिली रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को पालम में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे रातें ठंडी महसूस होने लगी हैं। वहीं, अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
11 से 14 अक्टूबर के बीच आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। दिन में हल्की धूप और शाम को ठंडी हवाएं मौसम को सुहावना बनाएंगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सर्दी की शुरुआत और तेज़ी से महसूस होगी।
वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार सुबह 6:30 बजे तक दिल्ली-एनसीआर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 109 दर्ज किया गया, जो “मध्यम” श्रेणी में आता है। फरीदाबाद में AQI 112, गुरुग्राम में 118, गाजियाबाद में 116, ग्रेटर नोएडा में 122 और नोएडा में 119 दर्ज किया गया। हालांकि अभी गंभीर प्रदूषण की स्थिति नहीं है, लेकिन आने वाले हफ्तों में पराली जलाने और ठंड बढ़ने के कारण वायु गुणवत्ता और बिगड़ सकती है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह के समय बाहर निकलते वक्त हल्का गर्म कपड़ा पहनने की सलाह दी है। साथ ही एयर क्वालिटी के बढ़ते स्तर पर निगरानी रखने की अपील भी की गई है।