कुल्लू में युवतियों से मारपीट: टीचर दंपति और पुलिसकर्मी पर FIR
कुल्लू/19/09/2025
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र के ब्रौ थाना क्षेत्र में दो युवतियों ने स्कूल टीचर दंपति, उनकी बेटी और पुलिसकर्मियों पर मारपीट और जातिगत गालियों का आरोप लगाया है। आरोप है कि 15 सितंबर 2025 को ब्रौ ठेके के पास जब दोनों युवतियां रास्ते से गुजर रही थीं, तब रामपुर के स्कूल की शिक्षिका, उनके पति और बेटी ने उनका रास्ता रोककर बेरहमी से पीटा। पीड़िताओं ने बताया कि शिक्षिका ने उन्हें लात-घूंसों से मारा, जातिगत गालियां दी और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया।
युवतियों के अनुसार, न्याय की गुहार लगाने के लिए जब वे थाना पहुंचीं, तो थाना इंचार्ज और एक अन्य पुलिसकर्मी ने भी उनके साथ मारपीट की। उन्हें बेल्ट और थप्पड़ मारे गए और मोबाइल फोन छीन लिए गए। युवतियों के पास पूरे घटनाक्रम का वीडियो सबूत के रूप में मौजूद है, जो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी आनी ने तुरंत FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 की धारा 3(1)(r), 3(1)(s), 3(1)(w), 3(2)(va) तथा भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराएं 126(2), 115(2), 351(2), 355(2), 509(1)(s), 323, 341, 354, 504, 506 लगाई गई हैं। जांच की जिम्मेदारी डीएसपी चंदर शेखर कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस ने पीड़िताओं को FIR की कॉपी मुफ्त उपलब्ध कराई और पुष्टि की कि उनके बयान सही तरीके से दर्ज किए गए हैं। इस घटना की वीडियो वायरल होने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। जांच अब आगे जारी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।