NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं

नए और शक्तिशाली भारत के निर्माण का किया आह्वान

rajypal

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी दिल्ली में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल ने की।

संगोष्ठी का विषय था – “मोदी विज़न ऑन न्यू एंड पावरफुल इंडिया – ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के आलोक में”। इस मौके पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व केवल शासन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन, तकनीकी प्रगति, महिलाओं का सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय सुरक्षा को नई दिशा देने वाला है।

राज्यपाल ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत की रणनीतिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है। उन्होंने इसे देशवासियों में आत्मविश्वास जगाने वाला अभियान बताया, जिसने भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत संदेश दिया है।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने पत्रकारों और श्रमजीवियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ये लोकतंत्र की आत्मा हैं और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि देश तभी आगे बढ़ सकता है जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझे और सेवा भावना से योगदान दे।

राज्यपाल ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र की उन्नति में भागीदार बने और सभी को समान अवसर प्रदान करने का संकल्प ले।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए “नया और शक्तिशाली भारत” के निर्माण में सभी को सहयोग करने का संदेश दिया गया।

rajy
Scroll to Top