हिमाचल बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव: अब तीनों सीरीज में होंगे समान सवाल
धर्मशाला/18/10/2025
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। बोर्ड के चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा ने धर्मशाला में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अब तीनों सीरीज में एक जैसे प्रश्न पूछे जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की तैयारी को सरल बनाना और सभी छात्रों के लिए समान स्तर पर मूल्यांकन सुनिश्चित करना है।
पहले सीरीज ए में पूछे गए प्रश्न अन्य सीरीज बी और सी में नहीं होते थे, लेकिन अब सभी तीनों सीरीज में समान सवाल होंगे। इससे छात्रों को तैयारी में आसानी होगी और मूल्यांकन में पारदर्शिता बढ़ेगी। डॉ. शर्मा ने यह भी बताया कि नई व्यवस्था अगले शैक्षणिक सत्र से लागू होगी, जिससे विद्यार्थियों को समान अवसर और प्रतिस्पर्धा का मौका मिलेगा।
इसके अलावा, बोर्ड ने कर्मचारियों के लिए तीन फीसदी डीए बढ़ोतरी की भी घोषणा की। डॉ. शर्मा ने कहा कि नेशनल एजुकेशन पॉलिसी के तहत हिमाचल पहला राज्य है जो इस तरह के औपचारिक बदलाव लागू कर रहा है।