एचपीयू ने बढ़ाई एडमिशन और परीक्षा फार्म भरने की तिथि
शिमला/11/09/2025
शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) से संबद्धता प्राप्त कालेजों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को एक और राहत दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक कोर्सेज में दाखिले की अंतिम तिथि 20 सितम्बर तक बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 10 सितम्बर तक तय की गई थी। ऐसे विद्यार्थी जो किसी कारणवश एडमिशन से वंचित रह गए थे, अब उन्हें प्रवेश का अवसर मिलेगा। विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्यों, प्रतिनिधियों और छात्र संगठनों की ओर से एडमिशन पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की गई थी। इस पर कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए स्नातक कक्षाओं और प्राक-शास्त्री में प्रवेश लेने की तिथि बढ़ाने की मंजूरी दी और बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी।
अधिसूचना के अनुसार अब विद्यार्थी सरकारी और निजी दोनों तरह के संबद्ध कालेजों में 20 सितम्बर तक स्नातक स्तर की कक्षाओं में दाखिला ले सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि कालेजों में प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित गाइडलाइंस के तहत ही की जाए।
इसी के साथ विश्वविद्यालय ने स्नातक (बीए, बीएससी, बीकॉम व शास्त्री) प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं तथा सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (इक्डोल) के जनवरी बैच की वार्षिक परीक्षाओं के लिए परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि भी 14 सितम्बर तक बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 10 सितम्बर थी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 14 सितम्बर के बाद फार्म भरने वालों से विश्वविद्यालय नियमों के मुताबिक विलंब शुल्क लिया जाएगा।
इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है जो या तो दाखिला लेने से वंचित थे या फिर परीक्षा फार्म समय पर जमा नहीं कर पाए थे।