NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दो साल बाद मणिपुर पहुंचे पीएम मोदी, राहत शिविर में मुलाकात को कांग्रेस ने बताया 'राजनीतिक नाटक'

MMMMMMMMMMMMODI

मणिपुर में दो साल पहले भड़की जातीय हिंसा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार राज्य के चुराचांदपुर इलाके का दौरा किया। उन्होंने राहत शिविरों में जाकर विस्थापित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। मणिपुर की यह हिंसा मई 2023 में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच भड़की थी, जिसमें करीब 260 से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है और 60,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए थे। भारी बारिश के कारण हवाई मार्ग बाधित होने से प्रधानमंत्री ने 65 किलोमीटर का सफर सड़क मार्ग से तय कर चुराचांदपुर पहुंचे।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बुज़ुर्गों और बच्चों से संवाद किया, वहीं राज्यपाल अनुसुईया उइके और अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान पीएम ने लगभग 7,300 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया, जिसमें इंटीग्रेटेड ट्रांजिट सिस्टम, महिला छात्रावास, स्कूलों का उन्नयन और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।

प्रधानमंत्री इसके बाद इंफाल भी जाएंगे, जहां वह मैतेई समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा के ज़रिए वे लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं और शांति स्थापना के प्रयासों की जानकारी देंगे।

हालांकि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को "राजनीतिक ड्रामा" करार दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर लंबे समय से जल रहा है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "लोग 29 महीने से इंतज़ार कर रहे थे, लेकिन पीएम मोदी सिर्फ तीन घंटे रुकेंगे। यह शांति का प्रयास नहीं, बल्कि एक ‘राजनीतिक नाटक’ है।”

इस बीच, केंद्र सरकार का दावा है कि मणिपुर में धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं और कर्फ्यू में ढील दी जा रही है। कई इलाकों में जनजीवन सामान्य हो रहा है और प्रशासन ज़मीन पर स्थिति को सुधारने में सक्रिय है।

Scroll to Top