प्रियंका गांधी का केंद्र पर निशाना: कहा –हिमाचल के साथ केंद्र का सौतेला व्यवहार,वीरभद्र सिंह सच्चे जननेता थे
शिमला/13/10/2025
शिमला | हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने किया। इस मौके पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सोनिया गांधी ने वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
भावनात्मक माहौल के बीच प्रियंका गांधी ने कहा कि वीरभद्र सिंह का जीवन हिमाचल के लोगों की सेवा के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा, “वीरभद्र सिंह जैसे नेता राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानते थे, न कि प्रचार का। महात्मा गांधी ने देश को और वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को जो रास्ता दिखाया, वही कांग्रेस की असली पहचान है।”
प्रियंका ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “आपदा के समय हिमाचल को केंद्र से कोई सहायता नहीं मिली। मुख्यमंत्री सुक्खू बार-बार मदद मांगते रहे, लेकिन भाजपा सरकार ने आंखें मूंद लीं। भाजपा सिर्फ सत्ता की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस जनता के लिए काम करती है।”
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें वीरभद्र सिंह के साथ तीस वर्षों तक काम करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि “पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था, जबकि भाजपा उस वक्त ‘स्टेटहुड को मारो ठुड’ के नारे लगाती थी। हिमाचल गांधी परिवार का ऋणी है, जिसने हमेशा इस प्रदेश को प्राथमिकता दी।”
सुक्खू ने बताया कि सोनिया गांधी की सोच के कारण प्रदेश को आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे संस्थान मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के हिमाचल में घर बनाने से राज्य के पर्यटन को भी नई पहचान मिली है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण कांग्रेस परिवार के लिए भावनात्मक पल है। “मुख्यमंत्री सुक्खू भी वीरभद्र सिंह की सादगी और जनता के प्रति समर्पण की राह पर चल रहे हैं,” उन्होंने कहा।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरभद्र सिंह को “आधुनिक हिमाचल का निर्माता” बताया और कहा कि उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सड़क विकास में अमूल्य योगदान दिया। वहीं, विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि “आज का दिन मेरे जीवन का सबसे भावुक क्षण है। मेरे पिता ने जो आदर्श दिखाए, उन्हीं पर चलना मेरा संकल्प है।”
इस मौके पर राजीव शुक्ला, सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, रजनी पाटिल सहित कई कांग्रेस नेता, मंत्री, विधायक और पूर्व मंत्री भी उपस्थित रहे।सोमवार