उधमपुर मुठभेड़ में हिमाचल के लांस दफादार बलदेव चंद शहीद, पार्थिव देह आज पैतृक गांव पहुंचेगी
बिलासपुर/21/09/2025
जम्मू-कश्मीर के दुर्गम इलाके डुडु-बसंतगढ़ क्षेत्र के सेओज धार वन में आतंकियों के साथ चल रही भीषण मुठभेड़ में हिमाचल प्रदेश के लांस दफादार बलदेव चंद शनिवार को शहीद हो गए। बलदेव 4 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे और बिलासपुर जिले के थेह गांव के निवासी थे।
मुठभेड़ शुक्रवार रात 8 बजे शुरू हुई, जब सेना और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीम तलाशी अभियान पर थी। आतंकियों ने गोलीबारी शुरू की, जिसमें बलदेव चंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की घेराबंदी कर पूरी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। अतिरिक्त सुरक्षा बल, हेलिकॉप्टर और ड्रोन भी तैनात किए गए हैं ताकि आतंकवादी भाग न सकें।
बलदेव चंद की पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव पहुंचेगी। बलदेव 2011 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता सेवानिवृत्त हवलदार बिशन दास हैं, जबकि उनके ताया और चाचा भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। शहीद बलदेव ने अपने पीछे पत्नी, सात साल का बेटा, भाई और माता-पिता छोड़े हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बलदेव ने सीमाओं की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर किए हैं और उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार इस कठिन समय में परिवार की हर संभव मदद करेगी।