हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने डॉ. अमरीन कौर से रचाई शादी, चंडीगढ़ में संपन्न हुआ आनंद समारोह
चंडीगढ़/22/09/2025
चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज चंडीगढ़ में डॉ. अमरीन कौर सेखों के साथ शादी के बंधन में कदम रखा। आनंद समारोह चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित किया गया। इस मौके पर परिवार और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी रही।
डॉ. अमरीन कौर के बारे में:
डॉ. अमरीन कौर पंजाब यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास अंग्रेजी और मनोविज्ञान में दोहरी मास्टर डिग्री है और उन्होंने मनोविज्ञान में पीएचडी भी की है। वह विक्रमादित्य सिंह की पुरानी दोस्त हैं और यह उनकी पहली शादी है। अमरीन कौर चंडीगढ़ निवासी सरदारनी ओपिंदर कौर एवं सरदार जोतिंदर सिंह सेखों की सुपुत्री हैं।
विक्रमादित्य सिंह के बारे में:
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के एक प्रमुख राजनेता और कांग्रेस नेता हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पुत्र हैं। वर्तमान में वह हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) और शहरी विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री हैं। वे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी हैं।
उन्होंने अपनी शिक्षा बिशप कॉटन स्कूल, शिमला से प्रारंभ की और दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से इतिहास में स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने लंदन से इतिहास में मास्टर्स डिग्री हासिल की। 2013 में राजनीति में कदम रखते हुए उन्होंने हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस की अध्यक्षता संभाली। 2017 में पहली बार शिमला ग्रामीण से विधायक चुने गए और 2022 में दोबारा इस सीट से जीत हासिल की।
विक्रमादित्य सिंह बुशहर राजघराने के वारिस हैं और यह उनकी दूसरी शादी है। डॉ. अमरीन कौर के साथ उनके वैवाहिक बंधन की जानकारी मिलने के बाद परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
समारोह और प्रतिक्रिया:
शादी समारोह में परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार मौजूद थे। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी शुभकामनाएं दीं। इस विवाह से क्षेत्र में नई उमंग और उत्साह का माहौल बना है।