भारत-भूटान के बीच पहली बार दौड़ेगी ट्रेन, 4000 करोड़ का प्रोजेक्ट मंजूर
नई दिल्ली/30/09/2025
नई दिल्ली: भारत और भूटान के बीच पहली बार रेलवे कनेक्टिविटी परियोजना के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपडेट दी है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना भूटान के दो महत्वपूर्ण शहरों गेलकु और साम्ट्रसे को जोड़ेगी। गेलकु को माइंडफुलनेस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि साम्ट्रसे एक प्रमुख औद्योगिक शहर है।
इस परियोजना के तहत भारतीय रेलवे का नेटवर्क कोकराझार और बनारहट से शुरू होगा। प्रोजेक्ट में अनुमानित निवेश 4,033 करोड़ रुपये किया जाएगा। यह परियोजना पूरी तरह मेक इन इंडिया के तहत विकसित की जाएगी। रेलवे लाइनों की तकनीक पूरी तरह भारतीय होगी और भारत-भूटान रेलवे पर चलने वाली ट्रेनों के कोच भी भारत में तैयार किए जाएंगे। कुल नेटवर्क लंबाई लगभग 90 किलोमीटर होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि भारत भूटान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और भूटान का अधिकांश व्यापार भारतीय बंदरगाहों के माध्यम से होता है। इसलिए इस नए रेल नेटवर्क से भूटान और भारत के बीच व्यापार, औद्योगिक विकास और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यह परियोजना भूटानी नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत नेटवर्क तक पहुंच सुनिश्चित करेगी।
मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से दोनों देशों के आर्थिक और सामाजिक संबंध और मजबूत होंगे और यह क्षेत्रीय विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।