NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भारत 2038 तक अमेरिका को पछाड़ सकता है, बनेगा दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली/28/08/2025

amebhar

नई दिल्ली। भारत आने वाले वर्षों में आर्थिक मोर्चे पर बड़ी छलांग लगाने वाला है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक भारत 2038 तक अमेरिका को पछाड़कर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। इस मामले में भारत केवल चीन से पीछे रहेगा।

रिपोर्ट के अनुसार, क्रय शक्ति समता (PPP) के आधार पर भारत की अर्थव्यवस्था 2038 तक 34.2 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच जाएगी। वहीं, मौजूदा समय में भारत चीन और अमेरिका के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

विश्लेषण में यह भी कहा गया है कि अमेरिका द्वारा लगाई जा रही शुल्क बाधाओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती से आगे बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक 2017 में भारत की अर्थव्यवस्था 20.7 लाख करोड़ डॉलर की थी, जो आने वाले वर्षों में तेज़ी से बढ़कर 2038 में 34.2 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकती है।

रिपोर्ट यह भी इशारा करती है कि यदि अमेरिका द्वारा 50 प्रतिशत शुल्क लगाया जाता है तो भारत की जीडीपी पर लगभग 0.9 प्रतिशत तक का असर पड़ सकता है। इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती को देखते हुए 2038 तक उसके अमेरिका को पीछे छोड़ने की संभावना जताई गई है।

बुधवार को जारी इस रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि भारत इस समय पीपीपी के संदर्भ में 14.2 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था है, जो अमेरिकी अर्थव्यवस्था से लगभग 3.6 गुना अधिक तेजी से बढ़ रही है।

Scroll to Top