डीजीपी अशोक तिवारी की कमान में अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की सुरक्षा पुख्ता
कुल्लू | 27/09/2025
कुल्लू | हिमाचल प्रदेश का अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कुल्लू दशहरा इस बार भी पूरे भव्यता और परंपरा के साथ आयोजित होने जा रहा है। देव संस्कृति की इस अद्वितीय झलक में 200 से अधिक देवताओं की शोभायात्राएं शामिल होंगी। यह पर्व न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि हजारों सैलानियों को आकर्षित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था और कारीगरों को भी मजबूती देता है।
इस ऐतिहासिक आयोजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान डीजीपी अशोक तिवारी, आईपीएस स्वयं संभाल रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने त्योहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
आयोजन की सामान्य जिम्मेदारी डीआईजी-सीआर मंडी राहुल नाथ, आईपीएस को सौंपी गई है, जो पूरे त्योहार की निगरानी करेंगे। वहीं कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और प्रोटोकॉल कर्तव्यों की जिम्मेदारी एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, आईपीएस को दी गई है। मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा का दायित्व सीओ 3rd IRBn पंडोह पदम चंद, आईपीएस संभालेंगे।
एसपी कुल्लू और सीओ 3rd IRBn आपसी समन्वय से डीआईजी-सीआर मंडी के अधीन काम करेंगे और रोज़ाना की रिपोर्ट डीजीपी अशोक तिवारी को भेजेंगे।
इन तैयारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक हिमाचल की परंपरा और संस्कृति का अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।