केंद्र दे रहा करोड़ों की मदद, सुक्खू सरकार बताएं राहत का पैसा कहाँ गया : जयराम ठाकुर
शिमला | हिमाचल में आपदा राहत को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर दिन करोड़ों रुपये की मदद भेज रही है, लेकिन राज्य सरकार उसे आपदा प्रभावितों तक पहुँचाने में विफल रही है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि आपदा से हजारों घर नष्ट हो चुके हैं, लोग सर्दियों में बेघर हैं, फिर भी सुक्खू सरकार राहत के नाम पर मसखरी कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा अब तक आपदा राहत के लिए 5500 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं, मगर राज्य सरकार ने इसका दसवां हिस्सा भी खर्च नहीं किया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र नियमों के मुताबिक हिमाचल की पूरी सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये का पैकेज “मोदी की गारंटी” है, और इसका पूरा लाभ हिमाचल को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार केंद्र पर दोष मढ़ने की बजाय अपनी जवाबदेही तय करे और जनता को बताए कि राहत राशि आखिर खर्च कहाँ हुई।
एचआरटीसी मामले पर भी जयराम ठाकुर ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार अनियमितताओं का ठीकरा हमेशा बस ड्राइवर और कंडक्टर पर फोड़ती है। “राहुल गांधी का वीडियो चले तो ड्राइवर सस्पेंड, बस खराब हो जाए तो कंडक्टर दोषी — क्या एचआरटीसी की सारी गलतियों के जिम्मेदार सिर्फ यही दो लोग हैं?” उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के बजाय जवाबदेही ले।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की जनता जानना चाहती है कि केंद्र द्वारा भेजी गई आपदा राहत की राशि आखिर कहाँ खर्च हुई। राज्य सरकार को यह साफ करना चाहिए कि बेघर और पीड़ित परिवारों के लिए उसके पास क्या योजना है।