NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर तंज: हिमाचल में झूठी गारंटियों की नहीं, सच्ची नियत की है जरूरत

शिमला/12/10/2025

JAI RAM THAKUR PURB

शिमला: हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस के नेताओं का जमावड़ा होने वाला है और उन्हें प्रदेश की जनता से किए गए 3 साल पुराने वादों का हिसाब देना चाहिए। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अब तक कितनी गारंटियां पूरी हुई हैं, कितने युवाओं को पक्की नौकरियां मिलीं, राजीव गांधी स्टार्टअप योजना और महिलाओं को सम्मान निधि का लाभ किस तरह पहुंचा, किसानों के दूध और सेब के दामों पर क्या कार्रवाई हुई।

उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि हिमाचल में हिमकेयर योजना के तहत लोगों को इलाज क्यों नहीं मिल रहा और सरकार आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत क्यों नहीं दे पा रही है। जयराम ठाकुर ने यह भी सवाल उठाया कि प्रदेश में नगर निगम और पंचायत चुनाव क्यों टाले जा रहे हैं, पेंशनरों के एरियर और मेडिकल बिल का भुगतान क्यों नहीं हुआ और पूरे प्रदेश में जनता त्रस्त क्यों है।

ठाकुर ने कांग्रेस के नेताओं को चेताया कि झूठी गारंटियां देने वालों को हिमाचल के लोग सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए झूठी गारंटियों की नहीं, बल्कि सच्ची नियत की जरूरत होती है। उन्होंने अपने शासनकाल (पूर्व भाजपा सरकार) का उदाहरण देते हुए बताया कि गृहिणी सुविधा योजना, 125 यूनिट फ्री बिजली, महिलाओं को बस में आधा किराया, हिमकेयर, सहारा योजना, शगुन योजना, वृद्धा पेंशन, स्वावलंबन और कन्यादान जैसी योजनाओं बिना किसी झूठी गारंटी के लागू की गईं।

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार में नीयत ही खोट थी, जबकि भाजपा की सरकार ने कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी जनता की मदद को प्राथमिकता दी और कर्मचारियों के वेतन में कोई कटौती नहीं की। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार की पहचान गारंटियों से नहीं बल्कि नियत और ईमानदारी से होती है।

Scroll to Top