जैसलमेर में जुरासिक युग की अनोखी खोज: मिला मगरमच्छ जैसे सरीसृप का जीवाश्म और अंडा
राजस्थान/28/08/2025
राजस्थान के जैसलमेर में भूवैज्ञानिकों ने एक अद्भुत खोज की है। यहां जुरासिक युग के दुर्लभ जीवाश्म मिले हैं, जिनमें एक कंकाल और एक अंडा शामिल है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह जीवाश्म करीब 21 करोड़ साल पुराने हैं और इनका संबंध ‘फाइटोसॉर’ नामक मगरमच्छ जैसे सरीसृप से है, जो नदी किनारे के जंगलों में रहते थे।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में जुरासिक चट्टानों से मिले यह पहले फाइटोसॉर जीवाश्म हैं, जो देश के पुराजीव विज्ञान के इतिहास में एक अहम पड़ाव साबित होंगे। करीब 1.5 से 2 मीटर लंबे जीवाश्म के पास मिला अंडा इस खोज को और भी खास बनाता है।
टीम का नेतृत्व कर रहे भूवैज्ञानिक नारायण दास इनिखिया ने बताया कि आगे कार्बन डेटिंग और विस्तृत अध्ययन से यह साफ होगा कि क्या इनका संबंध डायनासोर से भी है। इस खोज ने न केवल वैज्ञानिकों बल्कि इतिहासकारों और स्थानीय लोगों में भी उत्साह जगा दिया है।
यह खोज पश्चिमी राजस्थान के प्रागैतिहासिक पर्यावरण और जैव विविधता को समझने में एक बड़ी मदद साबित होगी।