जैसलमेर में निजी बस हादसा — 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत, पीएम मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान
राजस्थान/15/10/2025
राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। मंगलवार दोपहर, जैसलमेर-जोधपुर मार्ग पर एक निजी बस अचानक आग की भेंट चढ़ गई। बस में सवार अधिकांश यात्री जोधपुर जा रहे थे। थईयात गांव के पास, सेना के वॉर म्यूजियम के पास, बस के पिछले हिस्से में धुआं उठने के बाद देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
इस भीषण हादसे में 19 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल की जोधपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। 15 अन्य यात्रियों को गंभीर हालत में जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने बताया कि मृतकों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पटना दौरा रद्द कर विशेष विमान से जैसलमेर और जोधपुर पहुंचे, घायलों से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
जिला प्रशासन ने घायलों की पहचान और सहायता के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। महात्मा गांधी अस्पताल और राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में मृतकों के डीएनए सैंपल लेने की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर इस घटना को अत्यंत गंभीर माना जा रहा है। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन बचाव और राहत कार्य में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। घायलों को समुचित उपचार, अस्पताल में ठहरने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।