जसूर में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी गाड़ी, युवक की मौके पर मौत
कांगड़ा/05/10/2025
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। जसूर के पास सिनेमा हॉल के नजदीक एक गाड़ी गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत कमनाला निवासी अनूप के रूप में हुई है, जो जसूर में मिट्टी के बर्तनों की दुकान चलाता था।
जानकारी के अनुसार, अनूप शनिवार रात अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। रास्ते में सिनेमा हॉल के पास उसकी गाड़ी अचानक नियंत्रण से बाहर होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के वक्त आसपास किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर कुछ स्थानीय युवकों ने तलाश करने की कोशिश की, लेकिन खाई की गहराई और अंधेरे के कारण वे नीचे तक नहीं पहुंच पाए।
जब अनूप देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस थाना नूरपुर में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान किसी ने सूचना दी कि सिनेमा हॉल के पास एक गाड़ी खाई में गिरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां गाड़ी गहरी खाई में फंसी हुई मिली। गाड़ी में अनूप मृत पाया गया।
थाना प्रभारी एसके धीमान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को नूरपुर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से जसूर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सिनेमा हॉल के पास बने इस खतरनाक मोड़ और खाई के किनारे पर सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।