आपदा में जनता परेशान, सरकार नदारद: जयराम ठाकुर का सत्तापक्ष पर तीखा हमला
मंडी | पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर आपदा के समय गैरजिम्मेदार रवैये का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 7 मंत्री हिमाचल पहुंचकर लोगों का दुख बांट चुके हैं, लेकिन राज्य सरकार का एक भी मंत्री फील्ड में नजर नहीं आया।
शनिवार को चम्बा दौरे के बाद मंडी पहुंचे जयराम ठाकुर ने दरंग क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों—औट, पलसेहड़, स्वाखरी, टिक्कर, कथयारी, राहला और कटौला—का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यहां भूस्खलन से घर उजड़े, फसलें तबाह हुईं, लेकिन सरकार के मंत्री मौके पर नहीं पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब भी प्रदेश में आपदा आती है, मुख्यमंत्री दिल्ली भाग जाते हैं। उन्होंने चम्बा आपदा के दौरान मुख्यमंत्री के बिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त रहने को जनविरोधी और असंवेदनशील करार दिया।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री हिमाचल को करोड़ों की राहत राशि और दर्जनों ट्रक राहत सामग्री भेज चुके हैं, जबकि कांग्रेस सरकार पीड़ितों को एक बोरी राशन भी नहीं दे सकी।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि दरंग, बंजार और आनी जैसे भाजपा विधायक क्षेत्रों में अब तक कोई मंत्री क्यों नहीं गया। उन्होंने इसे राजनीतिक भेदभाव बताते हुए कड़ी निंदा की।
उनके साथ दरंग भाजपा नेता ज्योति कपूर, मेहर चंद भारती, और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा भी मौजूद रहे।