NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कोविड का फायदा उठाकर NHM में फर्जी नियुक्ति का घोटाला,NGO के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

श्रीनगर/04/10/2025

covid 19

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) में फर्जी नियुक्तियों का खुलासा हुआ है। पुलिस की अपराध शाखा ने कोविड-19 महामारी की आड़ में एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने स्वयंसेवकों को स्थायी नियुक्ति का झांसा देकर उनसे पैसे वसूले और फर्जी दस्तावेज तैयार किए।

NHM ने अपराध शाखा को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि निदेशक द्वारा जारी किए गए “प्रोविजनल सिलेक्शन लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स” शीर्षक वाला आदेश जाली था और इसे सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा था, जिससे जनता में भ्रम उत्पन्न हुआ। जांच में यह भी पता चला कि इस घोटाले के पीछे जम्मू-कश्मीर हेल्थ केयर सर्विसेज नामक NGO का हाथ था, जिसे कोविड-19 महामारी के दौरान स्वैच्छिक जनशक्ति प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुमोदित किया गया था।

आरोपियों की पहचान अब्दुल कयूम नाइक, अब्दुल कयूम खान, मोहम्मद अशरफ हुर्रा, मुश्ताक अहमद सोफी और हिलाल अहमद बहार के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि NGO के प्रबंधन सदस्यों ने इस अनुमोदन का अनुचित लाभ उठाया। उन्होंने स्वयंसेवकों से संपर्क कर, उन्हें NHM में स्थायी नियुक्ति दिलाने के बहाने दस्तावेज लिए और उनसे पैसे वसूले। इसके अलावा, उन्होंने NHM निदेशक के जाली हस्ताक्षर के साथ फर्जी चयन सूची तैयार की।

अपराध शाखा ने बताया कि उनके इन कृत्यों के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 468, 471, 120-बी और आईटी अधिनियम की धारा 66-D के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले से पता चलता है कि कोविड-19 महामारी का गलत फायदा उठाकर किस तरह से लोगों को धोखा दिया गया और उनके भरोसे के साथ खेला गया।

Scroll to Top