जोगिंद्रनगर में भूस्खलन का कहर: 15 मकान तबाह, गांव खाली करवाए गए
मंडी /03/09/2025
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में बड़ा हादसा हो गया। यहां की नेर घरवासड़ा पंचायत में अचानक हुए भूस्खलन ने तबाही मचा दी। इस हादसे में 15 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग भयभीत हैं।
प्रशासन को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीष चौधरी और तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा खुद हालात पर नजर रख रहे हैं और प्रभावित परिवारों की मदद कर रहे हैं। पंचायत प्रधान रीना ने बताया कि इस भूस्खलन में एक पशु भी मलबे में दब गया, जबकि 15 परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पास के नेर गांव से भी लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा है। इतना ही नहीं, लगातार जमीन धंसने के कारण कुंडूनी गांव को भी खाली करवाना पड़ा। एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, वहीं अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग प्रशासन की ओर से दी जा रही सहायता पर निर्भर हैं।