केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की पहल से हिमाचल की स्वास्थ्य सेवाओं को नई उड़ान, मगर प्रदेश सरकार का रवैया ‘अकृतज्ञ’ — संजय शर्मा
शिमला/05/11/2025
हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी (JICA) द्वारा 1138 करोड़ रुपये की बाहरी सहायता हिमाचल के लिए स्वीकृत की गई है। यह सहायता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की पहल पर मिली है, जिसके तहत राज्य में कैंसर उपचार से लेकर रोबोटिक सर्जरी तक की आधुनिक सुविधाएँ विकसित होंगी।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार लगातार प्रदेश के विकास में सहयोग दे रही है, लेकिन प्रदेश सरकार इस सहयोग को स्वीकारने से बच रही है। उनका आरोप है कि राज्य की कांग्रेस सरकार केंद्रीय सहायता को अपनी उपलब्धि बताती है और धन्यवाद देने की भी शिष्टता नहीं दिखाती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का यह व्यवहार "असहनीय और नशुक्रगुज़ार" है।
JICA प्रोजेक्ट के अंतर्गत हिमाचल के लिए स्वीकृत 1422 करोड़ रुपये के स्वास्थ्य प्रोजेक्ट में से 1138 करोड़ रुपये की विदेशी सहायता को मंज़ूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट की वित्तीय संरचना में 80 प्रतिशत (1024.2 करोड़ रुपये) का खर्च भारत सरकार उठाएगी, जबकि 20 प्रतिशत (करीब 113.8 करोड़ रुपये) प्रदेश सरकार वहन करेगी। इस राशि का बड़ा हिस्सा प्रदेश के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को उन्नत करने में लगेगा।
इस फंड से हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कैंसर हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा, जबकि 650 करोड़ रुपये टांडा, मंडी, नाहन, चम्बा और शिमला के मेडिकल कॉलेजों में सुविधाओं को बेहतर करने पर खर्च होंगे। प्रोजेक्ट के तहत मंडी और चंबा में 3 Tesla MRI मशीनें स्थापित की जाएंगी और मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी के उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अलावा, प्रदेश में 67 स्वास्थ्य संस्थानों को मॉडल हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा और इन्हें डिजिटल सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
संजय शर्मा ने कहा कि जे.पी. नड्डा के प्रयासों से हिमाचल को यह बहु-आयामी स्वास्थ्य परियोजना मिली है और यह राज्य के लिए आने वाले वर्षों में एक बड़ा बदलाव साबित होगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि भविष्य में और अधिक प्रोजेक्ट्स मिलने के लिए केंद्र के प्रति सम्मान और आभार जताना आवश्यक है। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया है।