NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कमरूनाग के पूर्व गुरु गुरुदेव का पर्ता फेल, अब पूर्व गुरु धर्मदत्त ने दी देवता को धूप

मंडी/05/09/2025

gur

मंडी। ऐतिहासिक और आस्था से जुड़े कमरूनाग मंदिर में इस बार अनोखा घटनाक्रम सामने आया। वर्षों से परंपरा के अनुसार देवता को धूप चढ़ाने का अधिकार गुरु गुरुदेव सिंह को मिला हुआ था, लेकिन इस बार उनका पर्ता फेल हो गया। ऐसे में देव समिति ने तत्काल निर्णय लेते हुए पूर्व गुरु धर्मदत्त सिंह को देवता को धूप देने का दायित्व सौंपा।

मंगलवार को मंदिर प्रांगण में आयोजित इस विशेष अनुष्ठान में भारी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। जब पूर्व गुरु धर्मदत्त सिंह ने देवता को धूप चढ़ाई तो वहां उपस्थित भक्तों ने इसे देवता की मर्यादा और परंपरा की रक्षा माना।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कमरूनाग देवता के दरबार में पर्ता प्रणाली का अपना महत्व है। यह प्रणाली गुरु की पात्रता और योग्यता तय करती है। इस बार पर्ता फेल होने से स्थिति संवेदनशील हो गई थी, लेकिन धर्मदत्त सिंह द्वारा धूप दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई और श्रद्धालुओं में संतोष का माहौल देखने को मिला।

गौरतलब है कि कमरूनाग क्षेत्र में देव परंपराएं सदियों पुरानी हैं और इन्हें लेकर लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। देवता को धूप देना एक प्रमुख धार्मिक प्रक्रिया मानी जाती है, जो देवता की शक्ति और श्रद्धालुओं के विश्वास से सीधा संबंध रखती है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद लोगों ने इसे देवता की इच्छा और परंपरा की जीत बताया। साथ ही श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई है कि अब देवता की धार्मिक व्यवस्था में स्थिरता बनी रहेगी और आस्था के साथ सभी अनुष्ठान सुचारू रूप से संपन्न होते रहेंगे।

Scroll to Top