कांगड़ा से ज्वालाजी में भूस्खलन, 28 सवारियों से भरी बस मलबे की चपेट में, सभी यात्री सुरक्षित
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया। मटौर-शिमला हाईवे पर बालूग्लोआ के पास अचानक भूस्खलन हो गया। इस दौरान कांगड़ा से ज्वालाजी की ओर जा रही 28 यात्रियों से भरी एक निजी बस मलबे की चपेट में आ गई। तेज आवाज और मिट्टी-पत्थर गिरते ही बस में अफरातफरी मच गई, यात्री चीखने-चिल्लाने लगे, लेकिन गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच निकले।
भूस्खलन के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीनों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सड़क बहाल की गई।
डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने बताया कि बस भूस्खलन की चपेट में आई थी, लेकिन सौभाग्य से 28 यात्री सुरक्षित हैं।
बरसात में पहाड़ी मार्गों पर खतरा
ज्वालामुखी क्षेत्र में हुआ यह भूस्खलन एक बार फिर बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों की संवेदनशीलता को उजागर करता है। सौभाग्य से इस बार किसी यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने तथा बरसाती दिनों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।