कांगड़ा से चंडीगढ़ के लिए 14 दिन बंद रहेगी इंडिगो की फ्लाइट, मरम्मत कार्य बना वजह, बढ़ा हवाई किराया
कांगड़ा/09/10/2025
कांगड़ा: दिवाली और भैया दूज के त्योहारों के बाद यात्रियों के लिए परेशानी भरी खबर है। कांगड़ा हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के लिए चलने वाली इंडिगो की फ्लाइट 26 अक्तूबर से 8 नवंबर तक बंद रहेगी। इस दौरान न तो चंडीगढ़ से कोई फ्लाइट कांगड़ा आएगी और न ही कांगड़ा से चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगी। कंपनी ने अपने ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर इस अवधि का शेड्यूल अपलोड नहीं किया है, जिससे टिकट की तलाश कर रहे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इस फ्लाइट को कुछ समय के लिए बंद करने का कारण चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर चल रहा मरम्मत कार्य बताया जा रहा है। कंपनी ने कहा है कि 14 दिनों तक यात्रियों को इस रूट की सुविधा नहीं मिल पाएगी। ऐसे में लोगों को चंडीगढ़ जाने के लिए बस या निजी वाहन का सहारा लेना पड़ेगा।
कांगड़ा हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के लिए फिलहाल सिर्फ एक ही फ्लाइट संचालित होती है, जो इस अवधि में पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं, कंपनी के ऑनलाइन पोर्टल पर 9 नवंबर से फ्लाइट शेड्यूल दिखाया जा रहा है, लेकिन इस दिन का हवाई किराया 21,837 रुपये तक पहुंच गया है। सामान्य दिनों में यही किराया 5 से 6 हजार रुपये के बीच रहता है।
यात्रियों ने बताया कि त्योहारों के बाद वापसी यात्रा करने वालों को बड़ी दिक्कत हो सकती है, क्योंकि कंपनी ने हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। दिसंबर के शेड्यूल में भी कांगड़ा से चंडीगढ़ के लिए केवल 5 से 6 दिन ही उड़ानें दर्शाई गई हैं, जिससे आने वाले महीनों में भी यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।