NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कांगड़ा में सनसनीखेज़ वारदात: छेक पंचायत के उपप्रधान रवि राणा की हत्या, सड़क किनारे मिला शव

बैजनाथ/30/10/2025

baijnath

बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बैजनाथ उपमंडल की छेक पंचायत के उपप्रधान रवि राणा (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मंगलवार रात को हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रवि राणा मंगलवार रात को चढ़ियार क्षेत्र में आयोजित एक पार्टी में शामिल हुए थे। देर रात जब वह अपने घर लौट रहे थे, तो किसी ने उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे गांव के ही एक युवक ने सड़क किनारे शव देखा। युवक ने रवि राणा के मोबाइल पर कॉल किया, तो फोन की घंटी शव के पास ही बज उठी। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पंचायत प्रधान और ग्रामीणों को दी गई, साथ ही पुलिस को भी बुलाया गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी यादेश ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बुधवार सुबह कांगड़ा के एसपी, डीएसपी और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए। पुलिस ने गांव के चार से पांच लोगों से प्रारंभिक पूछताछ भी की है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रवि राणा का स्वभाव मिलनसार था और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह अभी अविवाहित थे और अपने बड़े भाई के साथ रहते थे। माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका था। हत्या की खबर से पूरा क्षेत्र सदमे में है और ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

इस हत्या ने शांत माने जाने वाले बैजनाथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Scroll to Top