कांगड़ा में शराब ठेकों पर सख्ती: अब ठेकेदार के नाम पर ही चलेगा अहाता, 373 ठेकों की जांच जारी
कांगड़ा/18/10/2025
कांगड़ा। आबकारी विभाग ने शराब ठेकों और उनसे जुड़े अहातों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। अब हर अहाता उसी ठेकेदार के स्वामित्व में होना चाहिए, जिसके नाम पर ठेका नीलाम किया गया है। विभाग की टीमों ने कांगड़ा जिले में 373 शराब ठेकों की जांच शुरू कर दी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति बिना मंजूरी के फर्जी तरीके से अहाता न चला रहा हो।
त्यौहारी सीजन में यह विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कई जगहों पर ठेके के पास बाहरी लोग अवैध रूप से अहाते चला रहे थे, जिनमें दूसरे ठेकों से लाई गई शराब परोसी जा रही थी। अब ऐसी गतिविधियों पर रोक लगेगी और अहातों में केवल संबंधित ठेके से ही शराब बेची जा सकेगी। इससे ठेकेदारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा और अवैध शराब की बिक्री पर भी अंकुश लगेगा।
प्रदेश में शराब की नीलामी प्रक्रिया इस साल 18 से 21 मार्च के बीच हुई थी, जिसमें 2100 में से लगभग 1700 ठेके ही बिक पाए थे। शेष ठेकों को लेकर बाद में सरकार ने निगमों और निकायों को जिम्मेदारी दी थी, लेकिन लगातार घाटे के कारण अब इन्हें फिर से ठेकेदारों को नीलाम किया गया है।
आबकारी विभाग का कहना है कि अब हर ठेके के साथ उसका अहाता भी उसी ठेकेदार को आवंटित किया जाएगा और जो भी व्यक्ति बिना अनुमति के अहाता चलाता पाया गया, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रविंदर सिंह, सहायक आयुक्त, आबकारी विभाग ने कहा कि — “बिना मंजूरी अहाते चलाने वालों पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। हर ठेके का अहाता उसी ठेकेदार के नियंत्रण में रहेगा ताकि नियमों की पूरी पालना सुनिश्चित की जा सके।