NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कांगड़ा में बनने जा रहा है प्रदेश का सबसे बड़ा आवासीय नगर — 10,000 बीघा जमीन की तलाश तेज

कांगड़ा/06/11/2025

kangraa

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा और आधुनिक आवासीय नगर बसाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस मेगा प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) को दी गई है। सरकार का लक्ष्य इस टाउनशिप को ऐसा विकसित करना है कि आने वाले समय में यह अत्याधुनिक सुविधाओं वाला मॉडल रेजिडेंशियल शहर बन सके।

परियोजना के लिए हिमुडा को लगभग 10,000 बीघा जमीन की आवश्यकता है। इसी दिशा में प्राधिकरण की टीम ने कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अब शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लंज कस्बे में एक बड़े भू-भाग की पहचान की गई है। इस स्थान पर सरकारी और निजी दोनों तरह की भूमि उपलब्ध है, जिससे प्रोजेक्ट को आकार देने में सुविधा रहेगी। जमीन से संबंधित तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने के लिए हिमुडा ने जिला प्रशासन से सहयोग मांगा है। जल्द ही मुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री स्थल निरीक्षण करेंगे और उनकी अनुमति के बाद भूमि खरीद व हस्तांतरण की औपचारिकताएँ शुरू होंगी।

लंज का चयन इसलिए रणनीतिक माना जा रहा है क्योंकि यह स्थान गगल एयरपोर्ट और फोरलेन मार्ग के बेहद नजदीक है। बेहतरीन connectivity और भूगोलिक स्थिति इस प्रोजेक्ट को निवेश और भविष्य की आबादी के लिए आकर्षक बनाती है। प्रस्तावित टाउनशिप में पार्किंग, पार्क, चौड़ी सड़कें, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, खेल मैदान, सीवरेज सिस्टम और डिजिटल सुविधाओं सहित सभी आधुनिक शहरी आवश्यकताएँ प्रदान की जाएंगी। सरकार इसे एक ‘स्मार्ट रेजिडेंशियल टाउन’ की अवधारणा के रूप में विकसित करने की योजना रखती है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि पिछली सरकार के दौरान हिमुडा ने नरघोटा क्षेत्र में टाउनशिप का प्लान तैयार किया था, लेकिन बाद में वह जमीन पर्यटन विभाग को पर्यटन प्रोजेक्ट के लिए सौंप दी गई। इसके चलते हिमुडा को उस योजना में फ्लैट बुक करने वाले 73 खरीदारों की राशि वापस करनी पड़ी थी। नया प्रोजेक्ट उस गलती की भरपाई और बड़े स्तर पर शहरी विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिमुडा धर्मशाला के अधिशासी अभियंता अनिल सूद का कहना है कि शुरुआती सर्वे के आधार पर लंज और तियारा क्षेत्र में पर्याप्त जमीन उपलब्ध दिखाई दी है और आगे की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। वहीं कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन हिमुडा को पूर्ण सहयोग देगा और यह परियोजना क्षेत्र के विकास में नया मील का पत्थर साबित होगी।

Scroll to Top