NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कांगड़ा में मां लत के आगे हार गई: बेटे के लिए खरीद लाई 10 हजार का चिट्टा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

kangra
कांगड़ा | कांगड़ा जिले के देहरा में पुलिस ने नशे की भयावह सच्चाई को उजागर करने वाला मामला सामने लाया है। देहरा–ज्वालामुखी रोड पर तलाई कुरु के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने शक के आधार पर एक महिला को रोका। तलाशी में उसके बैग से 7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो महिला ने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया।

उसने बताया कि उसका बेटा लंबे समय से चिट्टे का आदी है और उसकी लत इतनी बढ़ चुकी है कि घर में तनाव और डर का माहौल बना रहता था। बेटे की इस नशे की भूख को शांत करने के लिए वह खुद जालंधर से 10,000 रुपये का चिट्टा खरीदकर लाई थी।

महिला मूल रूप से जालंधर, पंजाब की रहने वाली है, लेकिन कई वर्षों से परिवार के साथ ज्वालामुखी में रह रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, यह भी जांच जारी है कि क्या महिला सिर्फ अपने बेटे की लत के लिए नशा लाती थी या फिर किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से भी जुड़ी हुई है।

यह घटना प्रदेश में नशे की बढ़ती पकड़ का गंभीर संकेत देती है और बताती है कि नशा कैसे परिवारों को भीतर तक झकझोर देता है—जहाँ एक मां भी मजबूरी में अपने बेटे की लत का हिस्सा बन गई।
Scroll to Top