कांगड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: इनोवा कार से पकड़ी 278 बोतल देसी शराब, तस्कर गिरफ्तार — नशे के खिलाफ सख्त अभियान जारी
कांगड़ा/22/10/2025
कांगड़ा। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। बीती रात पुलिस चौकी लंज की टीम ने सलाड़ी लिंक रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक इनोवा कार से 278 बोतल देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान सलाड़ी लिंक रोड से गुजर रही एक संदिग्ध इनोवा कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर डिक्की से अवैध देसी शराब की 24 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस जांच में पाया गया कि इन पेटियों में कुल 278 बोतलें VRV संतरा मार्का की भरी हुई थीं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान होशियार सिंह, निवासी गांव बासा, डाकघर स्पेल, तहसील नगरोटा सूरियां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर इनोवा कार सहित पूरी खेप को जब्त कर लिया है।
इस मामले में पुलिस थाना कांगड़ा में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष गश्त, ट्रैफिक चेकिंग और नाकाबंदी लगातार जारी है। उन्होंने साफ किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कांगड़ा पुलिस ने चेतावनी दी है कि शराब और नशे की तस्करी में शामिल लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में ऐसे सभी मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी