NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कांगड़ा: रहस्यमयी आग से सहमा परिवार, अचानक जलने लगता है सामान – बिजली विभाग और प्रशासन जांच में जुटा

कांगड़ा /02/10/2025

kangra

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की धुपक्यारा पंचायत में बीते तीन दिनों से रहस्यमयी आग लगने की घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पंचायत के संसार चंद जरियाल के घर में अजीबोगरीब ढंग से आग लग रही है, जिससे परिवार दहशत में है और ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है।

रहस्यमयी ढंग से जलने लगता है सामान

यह घटनाक्रम रविवार को शुरू हुआ जब अचानक घर के बिजली के एमसीबी पिघल गए। इसके बाद बिना कनेक्शन वाले बोर्ड, यहां तक कि जिन पंखों में विद्युत लाइन नहीं थी, उनमें भी अचानक आग लग गई। स्थिति को देखते हुए बिजली बोर्ड ने घर की सप्लाई पूरी तरह काट दी, लेकिन इसके बावजूद आग का सिलसिला थमा नहीं।

अब हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि गद्दे, रजाइयां और अन्य घरेलू सामान अपने आप ही जलने लगते हैं। परिवार ने मजबूरी में घर का सारा सामान बाहर निकालकर रख दिया है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि बाहर रखी चीजों में भी अचानक आग लग रही है।

परिवार की नींद उड़ी, तीन दिन से जाग रहा है घर

लगातार आग लगने की घटनाओं से परिवार के सदस्य गहरे सदमे और डर में हैं। उनका कहना है कि बीते तीन दिन से वे सो भी नहीं पाए हैं। परिवार का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और वे हर समय अनहोनी की आशंका में जी रहे हैं।

जांच में जुटे बिजली विभाग और प्रशासन

मंगलवार रात करीब 10 बजे जयसिंहपुर से अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग के कारणों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

बिजली बोर्ड के एसडीओ तुलसी राम ने कहा कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, घर की बिजली सप्लाई तुरंत काट दी गई। इसके बावजूद सामान में आग लग रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद असामान्य घटना है और अब विशेषज्ञ ही इसकी असली वजह बता सकते हैं।

जांच और सुरक्षा की मांग

पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की जल्द से जल्द उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि रहस्यमयी आग के पीछे के कारणों का खुलासा हो सके और परिवार को सुरक्षा मिल सके।

वहीं, प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें लगातार मौके पर नजर बनाए हुए हैं और विशेषज्ञों को इस घटना की जांच में शामिल करने की तैयारी चल रही है।यह अनोखी और रहस्यमयी घटना ग्रामीणों में चर्चा का विषय बन चुकी है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

Scroll to Top