NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर फिर अंधाधुंध फायरिंग — बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, तीसरी बार निशाना बना रेस्टोरेंट

मुंबई/17/10/2025

kapil shrma

मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित ‘कप्स कैफे’ पर एक बार फिर गोलियां चलीं। यह तीसरी बार है जब उनके कैफे को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया है। घटना गुरुवार तड़के 3:45 बजे ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर के न्यूटन इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, कई राउंड फायरिंग से कैफे को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि कर्मचारी अंदर मौजूद थे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।

घटना के बाद एसपीएस फ्रंटलाइन इनवेस्टिगेशन टीम और फोरेंसिक यूनिट मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि यह वही कैफे है, जिस पर 10 जुलाई और 7 अगस्त को भी गोलीबारी हुई थी। इन हमलों के बाद हाल ही में कैफे को दोबारा खोला गया था।

फायरिंग के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुलवीर सिद्धू ने फेसबुक पोस्ट डालकर इस घटना की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा गया — “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। सरे में कप्स कैफे पर फायरिंग मैंने, गोल्डी ढिल्लों और हमारी टीम ने की है। आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं, लेकिन जो हमारे खिलाफ या हमारे धर्म के खिलाफ बोलते हैं, उन्हें चेतावनी है — गोलियां कहीं से भी आ सकती हैं।”

फिलहाल, कपिल शर्मा या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और फायरिंग के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

यह लगातार तीसरी बार है जब कपिल शर्मा का यह कैफे हमलावरों का निशाना बना है, जिससे स्थानीय समुदाय में दहशत का माहौल है।

Scroll to Top