केलांग थाने में हंगामा: नशे में धुत्त हेड कॉन्सटेबल को SP ने रातों-रात किया सस्पेंड
केलांग/14/11/2025
लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में बीती रात थाना परिसर तब तनावपूर्ण माहौल में बदल गया, जब पैसों के विवाद को लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्सटेबल को शराब के नशे में धुत्त पाया। ग्रामीणों के अनुसार पुलिसकर्मी न सिर्फ नशे की हालत में था, बल्कि शिकायतकर्ताओं से अभद्र भाषा में बात कर रहा था, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क गया और थाने में हंगामा खड़ा हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बागवान और स्थानीय व्यापारी के बीच धन संबंधी लेन-देन को लेकर पहले समाधान हो चुका था, लेकिन व्यापारी द्वारा फोन पर दोबारा धमकाने के बाद वे मामले की पुष्टि के लिए थाने पहुंचे थे। यहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि पुलिसकर्मी मामले को गंभीरता से लेने की बजाय उल्टा उन पर ही रौब झाड़ रहा था। इसी दौरान विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें ग्रामीण आरोपी का मेडिकल करवाने की मांग करते दिखाई दे रहे हैं और हेड कॉन्सटेबल खुद सफाई देने में लगा है।
हंगामे की सूचना मिलते ही एसपी शिवानी मेहला रात में ही थाने पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। शिकायतों को सत्यापित करने के बाद उन्होंने मौके पर ही हेड कॉन्सटेबल को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। बताया गया कि पंचायत प्रधान को भी तुरंत थाने बुलाया गया था ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष पुष्टि हो सके।
पुलिस विभाग ने घटना को गंभीर मानते हुए संबंधित कर्मी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो मामला और ज्यादा बिगड़ सकता था। विभाग ने आश्वासन दिया है कि मामले की पारदर्शी जांच की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।