किन्नौर में भूस्खलन से NH-5 बंद, रिकांगपिओ और स्पीति का देश-दुनिया से संपर्क टूटा
रिकांगपिओ /31/08/2025
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शुक्रवार रात हुई भारी बारिश के बाद निगुलसरी और नाथपा क्षेत्रों में हुए भूस्खलन ने कहर बरपा दिया है। इसके चलते राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 (NH-5) कई जगहों पर अवरुद्ध हो गया है। शनिवार सुबह निगुलसरी और नाथपा स्लाइडिंग प्वाइंट पर भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आ गिरे, जिससे जिला मुख्यालय रिकांगपिओ सहित अप्पर किन्नौर और स्पीति क्षेत्र का देश-दुनिया से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।
निगुलसरी में जहां पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरा, वहीं सड़क का एक हिस्सा धंस भी गया, जिससे मार्ग की स्थिति और अधिक जटिल हो गई। दूसरी ओर, नाथपा के पास लंबे समय से वैकल्पिक रूप से डैम साइड मार्ग से ट्रैफिक चलाया जा रहा था, लेकिन शनिवार को वहां भी भूस्खलन के कारण वह मार्ग बंद हो गया। इससे कुछ घंटों तक पूरे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
एनएचएआई के सहायक अधिशासी अभियंता उमेश लारजू ने बताया कि निगुलसरी में सड़क धंसने से मार्ग अवरुद्ध हुआ है, जिसे बहाल करने के लिए मार्ग के दोनों ओर से मशीनें लगाई गई हैं। उन्होंने आशा जताई कि मार्ग को रविवार दोपहर तक आंशिक रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
वहीं, किन्नौर के उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मार्ग बहाली का कार्य जारी है, लेकिन निगुलसरी का मार्ग अत्यधिक संवेदनशील होने के कारण इसमें समय लग सकता है। प्रशासन ने मार्ग के दोनों ओर फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सेब, मटर और आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई हेतु लोक निर्माण विभाग और वन निगम के दो स्पैन भी तैनात किए हैं, ताकि जरूरी आपूर्ति बाधित न हो।
इस प्राकृतिक आपदा के कारण न केवल लोगों की आवाजाही रुक गई है, बल्कि सेब सीजन के बीच में माल ढुलाई और व्यापारिक गतिविधियों पर भी गंभीर असर पड़ा है। स्थानीय प्रशासन और एनएचएआई की टीमें फिलहाल हालात को सामान्य करने में जुटी हुई हैं।