कोटखाई में दर्दनाक हादसा: पिकअप खाई में गिरी, पांच की मौत, दो घायल
कोटखाई/15/09/2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई उपमंडल में बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामनगर के खोला कैंची के पास एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल को अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन नेपाली मूल के व्यक्ति भी शामिल बताए जा रहे हैं। एक मृतक की पहचान जोगिंदर सिंह पुत्र बालक राम निवासी खोला गांव के रूप में हुई है। हादसे के दौरान घायल दो व्यक्तियों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही कोटखाई पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर किया गया है। हादसे के कारणों का अब तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत किया जाए, क्योंकि यह सड़क हादसों के लिहाज से संवेदनशील मानी जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सड़क पर बैरियर और अन्य सुरक्षा इंतज़ाम बेहतर हों तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
इस त्रासदी ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश में सड़क सुरक्षा और हिल एरिया में वाहन संचालन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।