NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कुल्लू के भुंतर में डरावना फ्लैश फ्लड: 7 लोग मलबे में दफ्न, शहर में 16 घंटे से ब्लैकआउट

kullu

कुल्लू : जिला कुल्लू में प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला जारी है। बीते पांच दिनों में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग मलबे में दबे हुए हैं। इनर अखाड़ा बाजार क्षेत्र में चार दिन से दो लोग दबे हैं और दूसरी जगह पर 48 घंटे से छह लोगों की तलाश जारी है।

गुरुवार को भुंतर में भयानक फ्लैश फ्लड आया। पिपलागे नाले में भारी मलबा, पेड़ और पत्थर बहते देखे गए। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान जम्मू-कश्मीर के गंदरवाल कंगन तहसील निवासी 47 वर्षीय रसीद के रूप में हुई है।

इस आपदा के बीच कुल्लू शहर और आसपास के इलाकों में 16 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। हालांकि शुक्रवार सुबह मौसम कुछ साफ हुआ और धूप खिली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज कुल्लू और मनाली का दौरा करेंगे और हालात का जायजा लेंगे।

इसी दौरान, गुरुवार को बिजली महादेव की पहाड़ियों से भूस्खलन हुआ और नाले में बड़े-बड़े पत्थर गिरते देखे गए।
2 और 4 सितंबर को अखाड़ा बाजार इलाके में भारी भूस्खलन हुआ। 2 सितंबर को एक घर में दबे मजदूर और एनडीआरएफ जवान अब तक बाहर नहीं निकाले जा सके हैं। वहीं, 4 सितंबर के लैंडस्लाइड में दबे छह लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन 32 घंटे से जारी है। गुरुवार शाम को मलबा गिरने के कारण सर्च रोकना पड़ा था, जिसे शुक्रवार सुबह 6 बजे दोबारा शुरू किया गया।

स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ और पुलिस लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

Scroll to Top