कुल्लू के पूर्व एसडीएम पर दुष्कर्म के आरोप, जांच डीएसपी मनाली को सौंपी
कुल्लू/30/09/2025
कुल्लू: जिले के पूर्व एसडीएम और 2013 बैच के एचएएस अधिकारी विकास शुक्ला पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे हैं। एक महिला ने शुक्ला पर अकेले और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करने, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और अवैध तरीके से संपत्ति बनाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने इस मामले की जांच डीएसपी मनाली केडी शर्मा को सौंपी है।
पहले मामला महिला थाना कुल्लू में दर्ज किया गया था। सोमवार को पुलिस ने पीड़िता का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मेडिकल करवाया और जांच के लिए खून के सैंपल भी लिए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उनके मोबाइल फोन और पर्स भी छीनने की कोशिश कर चुके हैं। मोबाइल फोन में व्हाट्सएप चैटिंग और फोटो से संबंधित साक्ष्य थे, जिन्हें मिटाने का प्रयास भी किया गया।
साथ ही, पीड़िता ने कुल्लू थाना के एएसआई परमानंद पर भी आरोप लगाए हैं कि उन्होंने जबरदस्ती अंगूठा लगवाया और 23 दिसंबर 2024 को भेजे गए अश्लील मैसेज की प्रति भी शिकायत में शामिल की गई है।
इस मामले के बाद विजिलेंस विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। विकास शुक्ला द्वारा बही, पंचकूला और कुल्लू में बनाई गई संपत्तियों की भी जांच की जाएगी। डीएसपी मनाली इस मामले में सभी साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की जांच कर आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
यह मामला अभी विकासशील है और पुलिस साक्ष्यों की विस्तृत पड़ताल में जुटी हुई है।