कुल्लू में किन्नौर की लड़की की बेरहमी से पिटाई, शिक्षक दंपती और बेटी पर आरोप — वीडियो वायरल, FIR दर्ज
कुल्लू/17/09/2025
कुल्लू।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के ब्रो थाना क्षेत्र में शिक्षक दंपती और उनकी बेटी द्वारा एक युवती की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक परिवार के तीन लोग सड़क पर लेटी युवती को लात-घूसों और थप्पड़ों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि युवती जमीन पर पड़ी हुई है और आरोपी लगातार उस पर हमला कर रहे हैं। महिला और उसकी बेटी युवती के बाल खींचते और थप्पड़ बरसाते नजर आ रही हैं, जबकि पुरुष आरोपी बार-बार लात से हमला करता दिख रहा है। वीडियो में गाली-गलौज की आवाजें भी सुनी जा सकती हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार पेशे से शिक्षिका रमेश्वरी देवी ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह 15 सितंबर की शाम अपने पति जगदीश चंद और बेटी प्रकृति के साथ कार (नंबर HP-06A-0241) से रामपुर से थाचवा जा रही थीं। इस दौरान ब्रो चौक पर शराब के ठेके के पास किन्नौर की मुस्कान (22), पूजा (27) और अंशु (19) शराब के नशे में धुत होकर उनकी गाड़ी के सामने आ गए। आरोप है कि तीनों ने गाड़ी रोक ली और शीशा तोड़ दिया, जिसके बाद झगड़ा शुरू हो गया।
रमेश्वरी देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और मुस्कान, पूजा व अंशु को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच करवाई।
लड़की की तरफ से शिकायत नहीं मिली
SHO ब्रो रमेश ने बताया कि मार खाने वाली लड़की की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। शिकायत रमेश्वरी देवी की ओर से दी गई थी, जिसके आधार पर तीनों युवाओं के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
किन्नौर से है पीड़ित लड़की
जानकारी के मुताबिक पिटाई झेलने वाली लड़की किन्नौर जिले के कानम गांव की बताई जा रही है। किन्नौर कल्याण समिति ज्यूरी के वरिष्ठ अध्यक्ष हरवंस लाल नेगी ने कहा कि इस तरह युवती की सड़क पर पिटाई करना गलत है। कानून को हाथ में लेने का हक किसी को नहीं है और इस मामले में पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
इसी बीच किन्नौर के पूर्व भाजपा प्रत्याशी सुरत नेगी ने भी घटना को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि यदि पीड़ित लड़की किन्नौर की है तो आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं और शिक्षक दंपती व उनकी बेटी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।