कुल्लू में बड़ा हादसा: लेह-लद्दाख जा रही BRO की बस खाई में गिरी, 15 जवान घायल – एक की हालत नाजुक
कुल्लू/03/11/2025
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से रविवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवानों को लेकर जा रही बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। बस में कुल 15 जवान सवार थे और सभी घायल हो गए हैं। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ, जब बस लेह-लद्दाख स्थित जांस्कर क्षेत्र की ओर जा रही थी।
BRO की यह बस शिंकुला टनल निर्माण कार्य में तैनात 126 RCC यूनिट के जवानों को लेकर आगे के कार्यस्थल की ओर जा रही थी। रास्ता बेहद संकरा और खतरनाक था। अचानक तीखे मोड़ पर बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस गिरते ही घायल जवानों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोग बिना देर किए मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। हादसे वाले क्षेत्र में नेटवर्क और अस्पताल की सुविधाएँ सीमित होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था।
घटनास्थल की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए घायलों को पहले प्राथमिक उपचार देकर एयरलिफ्ट किया गया और क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद पाँच गंभीर रूप से घायल जवानों को कुल्लू अस्पताल रेफर किया। इनमें से एक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उस पर लगातार डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान है कि सड़क पर फिसलन और तेज मोड़ ने हादसे की वजह बनी। इस घटना ने क्षेत्र में चिंता और दुख का माहौल पैदा कर दिया है, क्योंकि BRO के जवान कठिन परिस्थितियों में सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार काम करते हैं।