कुल्लू में माता भेखली का 50 साल बाद नया देव रथ तैयार होगा
कुल्लू । सारी कोठी की अधिष्ठात्री देवी माता भेखली का 50 वर्षों बाद नया देव रथ बनाया जा रहा है। इस पावन कार्य की शुरुआत शनिवार को हुई, जब सैकड़ों श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच लकड़ी लाने की परंपरा निभाते हुए कमांद क्षेत्र की ओर रवाना हुए।
यह यात्रा माता भेखली मंदिर से शुरू होकर ढालपुर से होते हुए कमांद पहुंची, जहां पराशर ऋषि द्वारा रथ निर्माण के लिए लकड़ी दी जाएगी। इस अवसर पर माता भेखली के भक्तों के साथ-साथ करीब 10 अन्य देवी-देवताओं के हारियान भी पारंपरिक प्रतीक चिन्हों के साथ शामिल हुए।
माता के पुजारी राकेश शर्मा ने बताया कि वर्तमान देव रथ लगभग 50 साल पुराना है और फाल्गुन मास में माता ने नया रथ बनाने का आदेश दिया था। इसी आदेश के बाद से परंपराओं का पालन करते हुए यह प्रक्रिया शुरू हुई। रविवार को श्रद्धालु लकड़ी लेकर मंदिर लौटेंगे।
माता भेखली कुल्लू घाटी की अधिष्ठात्री देवी मानी जाती हैं। अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की शुरुआत भी उनके आदेश के बाद ही भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा से होती है। नए देव रथ निर्माण की खबर से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।