कुल्लू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 498 ग्राम चरस के साथ 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार
कुल्लू/19/11/2025
कुल्लू में नशा विरुद्ध मुहिम के बीच पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पतलीकुल थाना पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी, जब 15 मील क्षेत्र के मुख्य पुल के पास बने यात्री विश्राम गृह के नजदीक एक युवक संदिग्ध हालात में दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 498 ग्राम चरस बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में साफ हुआ कि यह खेप किसी अवैध सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी हो सकती थी।
गिरफ्तार युवक की पहचान 23 वर्षीय मनोज कुमार, पुत्र अमर चंद, निवासी फलटनाला (पोस्ट ऑफिस बजौरा), तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में की गई है। पकड़ी गई चरस की मात्रा इस बात की ओर इशारा करती है कि आरोपी इसे बेचने की फिराक में था या किसी तस्करी चेन का हिस्सा हो सकता है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब यह जांच कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
कुल्लू पुलिस का कहना है कि नशा कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।