लद्दाख में राज्य और छठी अनुसूची की मांग पर विरोध प्रदर्शन हिंसक, CRPF गाड़ी जलाई गई
लेह/24/09/2025
लद्दाख में पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन सोमवार को हिंसक हो गया। लेह में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और गुस्साई भीड़ ने CRPF की गाड़ी, पुलिस वैन और अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी के दफ्तर पर भी हमला कर उसमें आगजनी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प और पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए।
यह विरोध प्रदर्शन लेह एपेक्स बॉडी (LAB) की अगुवाई में किया जा रहा है। LAB की युवा इकाई ने सोमवार को लेह बंद का आह्वान किया था। आंदोलन तब और उग्र हो गया जब पिछले 35 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे 15 में से दो लोगों की हालत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसी बीच हालात नियंत्रण से बाहर हो गए और भीड़ हिंसक हो उठी।
पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन का हिस्सा रहे हैं। उनका सोमवार को 15वां दिन का अनशन था, लेकिन लेह में बढ़ती हिंसा को देखते हुए उन्होंने अपना अनशन तोड़ दिया। वांगचुक ने कहा कि बीजेपी ने पांच साल पहले लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और लोगों का सब्र अब टूट रहा है।
बढ़ते विरोध के बीच गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि 6 अक्टूबर को लद्दाख के प्रतिनिधिमंडल के साथ अगली वार्ता होगी। हालांकि, लेह एपेक्स बॉडी का कहना है कि जब तक राज्य का दर्जा और संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित नहीं होते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।