लाहौल-स्पीति से 500 पर्यटक सुरक्षित मनाली भेजे गए, डीसी बोलीं– अब जिले में कोई टूरिस्ट फंसा नहीं
लाहौल-स्पीति में भारी बारिश और बाढ़ के बीच फंसे सभी पर्यटकों को प्रशासन ने सुरक्षित निकाल लिया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि अब जिले में कोई भी पर्यटक फंसा नहीं है। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते करीब 500 पर्यटकों को मनाली रवाना कर दिया गया है।
डीसी ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
शुक्रवार को उपायुक्त किरण भड़ाना ने पागल नाला और तेलिंग नाला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत व बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
आवश्यक सेवाओं की बहाली
डीसी ने जानकारी दी कि विद्युत, दूरसंचार और जल आपूर्ति सेवाएं पूर्ण रूप से बहाल कर दी गई हैं। ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डीसी लेह से समन्वय कर 10,000 लीटर पेट्रोल और 10,000 लीटर डीजल भेजा जा रहा है। रास्तों में रुके कुछ टैंकर अगले 24–48 घंटों में अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे।
राहत और बचाव कार्य जारी
प्रशासन युद्धस्तर पर सड़कों से फंसे ट्रकों को निकालने का कार्य कर रहा है, जिसे 2–3 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रभावित लोगों को भोजन, पानी, राशन, कंबल और अन्य सामग्री वितरित की जा रही है। साथ ही ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों की मूलभूत सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
किसानों की फसलों को बचाने की कोशिश
किरण भड़ाना ने बताया कि प्रशासन किसानों की फसलों को बाढ़ से हुए नुकसान से बचाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रभावित खेतों से फसलों को सुरक्षित उठाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
डीसी की अपील
उपायुक्त ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा कि प्रशासन दिन-रात कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करने का अनुरोध किया।