ऊना में तेंदुए का आतंक: खेतों में काम कर रहे छह ग्रामीणों पर किया हमला, एक की आंख हुई गंभीर रूप से घायल
ऊना/22/10/2025
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के कर्मपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर एक तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। झाड़ियों में घात लगाए बैठे इस शिकारी जानवर के हमले में एक व्यक्ति की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दो अन्य को हल्की खरोंचें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीण खेतों में कार्य कर रहे थे जब झाड़ियों के भीतर से तेंदुए की आवाज सुनाई दी। कुछ ही पलों में वह झपट्टा मारते हुए बाहर निकला और लोगों पर टूट पड़ा। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे जान बचाई और आसपास के लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, जिन्होंने मिलकर तेंदुए को भगाया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। तलाश के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने पास के जंगल में छिपे घायल तेंदुए को पकड़ लिया, जिसे बाद में इलाज और देखभाल के लिए बौल सेंटर भेजा गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह तेंदुआ बीते कुछ दिनों से गांव और खेतों के आसपास घूमता दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इसे आबादी क्षेत्र से दूर किसी सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए।
गांव में अब भय का माहौल है — दीपावली के दिन भी ग्रामीणों ने मवेशियों को बाड़ों में बंद रखा और बच्चों को घर से बाहर निकलने नहीं दिया। भाजपा नेता राम कुमार ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की, वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घायलों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
इस घटना पर वन विभाग के डीएफओ सुशील राणा ने कहा कि घायल तेंदुए को उपचार के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सर्दियों की शुरुआत के साथ जंगली जानवर शिकार की तलाश में मैदानी और रिहायशी इलाकों की ओर आते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ जाती हैं। डीएफओ ने ग्रामीणों से अपील की कि जंगली जानवर दिखने पर खुद मुकाबला करने की बजाय तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि किसी भी तरह की जानमाल की हानि से बचा जा सके।
इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण लगातार वन विभाग से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।