NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

छुट्टी के दिन भी ड्यूटी पर उतरीं महिला RTO, 100 KM दूर जाकर ठोका ₹1.17 लाख का जुर्माना

नाहन/29/09/2025

mahila rto

नाहन (सिरमौर): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) सोना चंदेल अपनी सख्त कार्यशैली और कड़े एक्शन के लिए जानी जाती हैं। खास बात यह है कि वे न केवल सुरक्षा के बिना रात को टीम सहित वाहनों की चेकिंग करने निकलती हैं, बल्कि रविवार जैसे छुट्टी के दिन भी यातायात नियमों की पालना करवाने के लिए सड़क पर उतर जाती हैं। बीते रविवार को उन्होंने जिला मुख्यालय नाहन से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित राजगढ़ क्षेत्र में अचानक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में वाहन चालकों के बीच हड़कंप मच गया।

आरटीओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सोना चंदेल ने अपनी टीम के साथ मिलकर करीब 150 वाहनों की जांच की। इस दौरान ट्रक, निजी बसें और पिकअप गाड़ियाँ शामिल थीं। जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 38 चालान काटे गए और कुल ₹1,17,500 का जुर्माना वसूला गया। अधिकतर वाहन बिना फिटनेस और परमिट के सड़कों पर चल रहे थे, जिन पर नियमानुसार जुर्माना ठोका गया।

चेकिंग के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। कई निजी बस कंडक्टर यात्रियों को टिकट ही नहीं दे रहे थे। इस पर आरटीओ ने मौके पर ही सख्त लहजे में चेतावनी दी कि आगे से सभी यात्रियों को टिकट जारी करना अनिवार्य होगा, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष अभियान में आरटीओ के साथ टीम के सदस्य संदीप, देवेंद्र, राजेश और थानेश भी शामिल रहे। सभी ने मिलकर घंटों तक वाहनों की गहन जांच की। सोना चंदेल इससे पहले भी ओवरलोड डंपरों, टिप्परों और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलने वाले ट्रकों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयाँ कर चुकी हैं। उनके सख्त एक्शन के चलते न सिर्फ़ परिवहन विभाग बल्कि वाहन चालक भी उन्हें एक कड़े अधिकारी के रूप में पहचानते हैं।

आरटीओ सोना चंदेल ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सभी वाहन चालकों के लिए अनिवार्य है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क पर चलने वाले वाहन नियमों के दायरे में रहें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

Scroll to Top