NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मनाली हाईवे पर 20 सितंबर तक दौड़ेंगी गाड़ियां, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने दिए निर्देश

हिमाचल डेस्क/15/09/2025

MANLAI

हिमाचल डेस्क। केंद्रीय परिवहन एवं सड़क राज्य मंत्री अजय टम्टा ने हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रदेश का दौरा किया। मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मुश्किल घड़ी में हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

मंत्री ने मनाली तक के नेशनल हाईवे को 20 सितंबर तक हर हाल में बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनाली एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है और सड़क की बहाली से यहां के लोगों और पर्यटकों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 305 का निरीक्षण किया, जिसकी हालत कई जगहों पर खराब है, और लोक निर्माण विभाग को तुरंत सड़क मरम्मत शुरू करने को कहा।

अजय टम्टा ने माणी गांव का दौरा भी किया, जहां मुख्य सड़क थाची क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने इस सड़क को जल्द बहाल करने और बैली ब्रिज बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को तत्काल इसका प्राक्कलन तैयार कर भेजने का भी आदेश दिया गया।

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। केंद्र सरकार ने तत्काल राहत के लिए 1500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इसके अतिरिक्त, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के लिए 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड भी जारी किया गया है।

प्रधानमंत्री के निर्देश पर सात केंद्रीय मंत्रियों की टीम हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नुकसान का जायजा ले रही है। यह टीम केंद्र सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की राहत और पुनर्वास योजनाएं बनाई जाएंगी।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, करसोग के विधायक दीपराज, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अजय टम्टा ने सभी से राहत कार्यों में समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मदद मिल सके।

Scroll to Top