NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मनाली में भीषण अग्निकांड: शूरू गांव का कॉटेज जलकर राख, पर्यटकों में मचा हड़कंप

मनाली/26/10/2025

manli cpttage

हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मनाली में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। मनाली से लगभग चार किलोमीटर दूर शूरू गांव स्थित एक निजी पर्यटक कॉटेज में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग की लपटों ने पूरे कॉटेज को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

लपटों ने मचाई दहशत, पर्यटक भागे बाहर

वीकेंड पर मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ थी। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के होटल और कॉटेज में ठहरे पर्यटक घबराकर बाहर निकल आए। धुएं के बड़े-बड़े गुबार और लपटों ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। लोग जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागने लगे।

दमकल विभाग की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू

स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मनाली फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ढांचा जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने भी बाल्टी और पाइपों की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया।

गनीमत: नहीं हुआ जनहानि का नुकसान

अग्निशमन प्रभारी शरणपत ने बताया कि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कॉटेज में केवल चौकीदार मौजूद था, जिसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मालिक और अन्य कर्मचारी मौके पर नहीं थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

दमकल विभाग और पुलिस टीम ने कॉटेज के अवशेषों की जांच शुरू कर दी है। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास खड़े पेड़-पौधे भी झुलस गए। प्रशासन ने फिलहाल पर्यटकों से अपील की है कि घटना स्थल के पास न जाएं और बचाव कार्य में बाधा न डालें।

Scroll to Top