मंडी में बारिश का कहर: मकान ढहा, एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दबे कई लापता
मंडी/16/09/2025
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात से हो रही मूसलधार बारिश ने जबरदस्त तबाही मचाई है। धर्मपुर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण पानी भर गया। पानी के तेज बहाव में 10 से ज्यादा सरकारी बसें और कई निजी गाड़ियां बह गईं। कुछ लोगों के बहने की भी खबरें हैं, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तेज बारिश के बाद धर्मपुर में सोन खड्ड (नाले) में उफान आ गया। रात 2 से 3 बजे के बीच कई घरों की पहली मंजिलें पानी में डूब गईं। मंगलवार सुबह पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। भाजपा नेता रजत ठाकुर के मुताबिक, यहां कम से कम 6 लोग लापता हैं।
इसी बीच मंडी के ब्रग्टा गांव में लैंडस्लाइड से एक मकान पूरी तरह ढह गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। ग्रामीणों ने दो लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।
शिमला में भी बारिश ने कहर बरपाया है। हिमलैंड, बीसीएस स्कूल और पांजली इलाके में लैंडस्लाइड की वजह से 15 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दब गईं। हिमलैंड में लैंडस्लाइड के कारण शिमला की लाइफलाइन मानी जाने वाली सर्कुलर रोड को भी बंद कर दिया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने आज 6 जिलों—बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि अगले तीन दिन बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है, लेकिन मानसून के समाप्त होने के फिलहाल कोई संकेत नहीं हैं।
लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और खड्डों के किनारे न जाएं और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।