NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी के कोटली में दर्दनाक हादसा: सूमो खाई में गिरी, दो की मौत, महिला गंभीर

mandi

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा कोटली-कून सड़क पर द्रुबल पंचायत के अलग गांव के पास उस समय हुआ, जब एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में गिर गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो कोटली से कून गांव की ओर जा रही थी। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा और एक घर के पास बने शौचालय के पास जाकर रुका। हादसे में गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों और पंचायत प्रधान रेखा ठाकुर ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को कोटली अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चालक पवन कुमार (48) पुत्र सुधामा राम, निवासी कून को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल पवन कुमार की पत्नी रमा देवी और अच्छर सिंह निवासी बड़ू गांव को गंभीर हालत में मंडी के जोनल अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान अच्छर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, रमा देवी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

द्रुबल पंचायत की प्रधान रेखा ठाकुर ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यह लोग अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Scroll to Top