NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी में खौफनाक घटना: आधी रात घर के पास बना 60 फुट गहरा गड्ढा, परिवार जान बचाकर भागा

पंडोह/01/11/2025

mandii

मंडी–मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के नजदीक डयोड क्षेत्र में शनिवार देर रात अचानक जमीन धंसने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते धरती फट गई और घर के बिल्कुल करीब लगभग 60 फुट गहरा और 40 फुट चौड़ा गड्ढा बन गया। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार को घर छोड़कर भागना पड़ा।

आवाज सुनते ही कांप उठे कदम

स्थानीय निवासी हरदेव शर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे तेज धमाका जैसा शोर सुनाई दिया। जब वे बाहर आए तो घर के पास विशाल गड्ढा बन चुका था और मिट्टी लगातार धंस रही थी। खतरा बढ़ता देख उन्होंने तत्काल परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अभी के लिए परिवार ने पंडोह में चार कमरे और हनोगी माता मंदिर में दो कमरे किराए पर लिए हैं, ताकि सभी सुरक्षित रह सकें।

टनल निर्माण पर स्थानीयों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र के नीचे फोरलेन टनल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण भूमि बार-बार धंस रही है। उनका आरोप है कि निर्माण कंपनी सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही है, जिसका परिणाम ऐसे हादसों के रूप में सामने आ रहा है।

पहले भी हुआ था ऐसा हादसा

यह पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले हटाओ रोड पर भी इसी तरह का बड़ा गड्ढा बन गया था, जिसे निर्माण कंपनी ने हजारों सीमेंट बैग डालकर भरने की कोशिश की थी। बार-बार हो रहे भू-धंसाव ने स्थानीयों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस और प्रशासन मौके पर

पंडोह चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर जाकर स्थिति की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोगों की मांग है कि टनल निर्माण की सुरक्षा जांच कराई जाए, ताकि बार-बार होने वाली इस तरह की घटनाओं से जान और संपत्ति का नुकसान न हो।

Scroll to Top