मंडी में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल: एनटीपीसी कोल डैम ने शुरू किया ब्यूटी पार्लर और बुनाई प्रशिक्षण कार्यक्रम
ग्राम पंचायत सोझा और जुणी में 4 माह का कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू, 50 महिलाएं लेंगी भाग
मंडी। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल में स्थित एनटीपीसी कोल डैम परियोजना ने अपने नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है। परियोजना प्रभावित क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सोझा और जुणी में चार माह के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया है।
कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत सोझा में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण और ग्राम पंचायत जुणी में बुनाई प्रशिक्षण शुरू किया गया है। इन केंद्रों में 25-25 महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।
एनटीपीसी कोल डैम की नैगम संचार कार्यपालक श्वेता गोयल ने बताया कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपने पैरों पर खड़ी होकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर एनटीपीसी कोल डैम की अप्पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुगाता दास गुप्ता और वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) डॉ. अंजुला अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस मौके पर उन्होंने प्रशिक्षुओं को समर्पण और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की प्रेरणा दी।